दर्शन, inspiration, philosophy

संगीत

संगीत

क्षण क्षण में संगीत,
कण कण में संगीत,
हर श्वास में संगीत,
हर आभास में संगीत |

सागर के ठहराव में,
नदी के बहाव में,
झरनों की हुंकार में,
वृष्टि की बौछार में,
नीर के हर रूप में,
हर बूँद में है संगीत |

मरुस्थल के अनुर्वर में,
घासस्थल के उर्वर में,
भूमि की हर माटी में,
चट्टानों में,घाटी में,
है संगीत |

बयार की अनवरत गति में,
बवंडर की क्षणिक यति में,
अनिल की हर रफ़्तार में,
है संगीत |

एक लौ के सौहार्द में,
एक ज्वाला के संताप में,
सूर्य में,
इंदु में,
अनन्त के अज्ञात सिरों में,
ब्रह्माण्ड के केंद्र बिन्दु में,
है संगीत |

प्रदीप्ति

दर्शन, inspiration, philosophy

क्या?

क्या पँखुड़ी फूल से जुदा है?क्या कली को अपना कल पता है?क्या बहार पतझड़ से डरती है?क्या बंजर ज़मीन फूटने से कतरती है?क्या नदी ठहरना चाहती है?क्या सागर बहना को तरसता है?क्या आकाश सूर्य से रंग चुराता है?क्या सूर्य बादलों पे प्यार जताता है?क्या चाँद रोज़ बेनक़ाब होना चाहता है?क्या सूरज कुछ दिन विश्राम करना चाहता है?क्या हवा अपनी गति की मोहताज होती है?क्या बारिश की बूँदों में भी प्यास होती है?क्या रात को दिन से ईर्ष्या होती है?क्या शाम को अपने अस्तित्व की चिंता होती है?क्या फूलों को अपनी महक पे अभिमान होता है?क्या पर्वत को अपनी विशालता पे गर्व होता है?क्या सूखे फूलों को फिर से खिलने की इच्छा होता है?क्या टूटी लहरें फिर से उभरना चाहती हैं?क्या सुलगता लावा भी ठंडकता चाहता है?क्या बर्फ़ की चादर भी गर्माहट चाहती है?क्या कोयला हर बार हीरा बन पाता है?क्या टूटा कॉंच फिर से जुड़ पाता है?क्या दर्द को दवा की ज़रूरत होती है?क्या दुआ हर बार पुरी होती है?क्या ये उदासी इतनी ज़रूरी होती है?क्या ये ख़ुशी एक मजबूरी होती है?क्या ये अश्क़ कमज़ोरी होते हैं?क्या ये प्रेम यूँही सदैव रहता है?क्या एक दूजे से मिलना तय होता है?क्या ये रिश्ते अकेलेपन से कीमती हैं ?क्या ये अपने गैरों से क़रीब होते हैं?क्या पहचान अनजान होना चाहती है?क्या अनजान हमेशा के लिए जुड़ना चाहते हैं?क्या खोना जीवन का दस्तूर होता है?क्या पाना हमेशा स्वार्थ होता है?क्या है और क्या नहीं?क्यूँ है और क्यूँ नहीं?कब है और कब नहीं?इसका तो पता नहीं,मगर,ये सवाल यूँही उठते रहेंगे,कुछ का जवाब मिल जाएगा,कुछ यूँही रहस्य बनके रहेंगे |

क्या : रहस्य : सवाल

poetry, Soulful

प्रेम

जाओ पूछो उस पूनम के चाँद से,

कि कितनी तड़प थी,

 इस चाँदनी रात में,

तुझसे मिलने की |कतरा कतरा रोशनी भी,

चुभन मीठी सी देती है,

तेरा स्पर्श मेरे होठों पर,

और इस कोमल काया के,

 हर एक अंग पर, गहरी छाप छोड़ जाता है,

तूने इसे छुआ जो है,

प्रेम से |


वो निशा भी साक्षी है,

उन अर्द्ध गहरी स्वाशों की,

और नैनों की खोयी निद्रा की,

जो इंतज़ार में रहते हैं, 

तुझे छूने के लिए,

और समाना चाहते हैं खुदमें,

इस समय को यहीं रोक कर |

बस दो लफ्ज़ कहकर,

हम खामोश हो जाएँ,

महसूस करने के लिए,

 उन लफ़्ज़ों की ऊर्जा को,

और ध्वनि की ये आवृत्ति,

यूँही गूँजती रहे,

तुम्हारे और मेरे,

 रोम रोम में,

अनंत तक |


ये शीतल झील,

भी बयान कर रही है,

कि मिलन की आस में,

जब छुआ मैंने,

अपने उग्र तन से,

किस कदर ऊष्ण हुई,

नीर की एक एक बूँद,

और यूँही धुआ धुआ,

हुआ ये नीला गगन,

संध्या की बेला में,

लालिमा लिए,

सूर्य की नहीं,

 मेरे तेजस्वी प्रेम की,

जिसकी अग्नि जगमगा सकती है,

ब्रह्माण्ड के सैकड़ो आकाशों को,

इस काल चक्र के दायरे से परे |


क़ायनात का ज़र्रा जर्रा भी,

समाए हुए है,

इस प्रेम का अस्तित्व,

इस मिलन की लालसा,

इस इंतजार की पीड़ा,

और मेरे हर जज़्बात की छवि,

कि जब भी तू देखे,

चाहे इस असीम नभ को,

 या इस प्रगाढ़ अवनि को,

चाहे वर्षा ऋतु के वृक्षों को,

 या पतझड़ में बिखरे पत्तों को,

चाहे गहरे समुन्दर को,

या ऊँचे पर्वतों को,

चाहे बहती नदियों को,

या बरसती बौछारों को,

चाहे कच्चे रास्तों को,

या पक्की इमारतों को,

सब में पाए ,

 बस येही,

मेरे प्रेम को |

प्रेम : तुम : मैं